ऊपरी कमाई शब्द वैसे तो निगेटिव सेंस में ही इस्तेमाल होता है, लेकिन ऐसा है नहीं। बस हमारे मान लेने की बात है। ऊपरी कमाई का मतलब आप भी ऐसी ही कमाई से लगा रहे हैं, जो गलत तरीके से की जाए। आइये इसकी परिभाषा बदलते हैं और कहते हैं, ऐसी कमाई जो आपकी नियमित कमाई से अलग हो। यानी आप अपने मूल काम वह नौकरी हो या कारोबार, उसको सामान्य तरीके से ही करते रहें, और अपने मूल कमाई के पैसों का ऐसी जगह पर निवेश करें, जो लगातार कमाई कराए। क्या यह ‘ऊपरी कमाई’ नहीं हुई। आइये जानें कि कैसे ऊपरी कमाई को आसानी से शुरू किया जा सकता है।
ऊपरी कमाई कहां कहां से हो सकती है
ऊपरी कमाई अगर आप चाहें तो शेयर बाजार या म्यूचुअल फंड से हो सकती है। हालांकि यह उन्हीं लोगों को पसंद आती है जो थोड़ा खतरा उठना जानते हैं। लेकिन अगर आप चाहे तो यह ऊपरी कमाई बैंक या पोस्ट ऑफिस की एफडी से लेकर आरडी तक से हो सकती है। वहीं अगर आप शेयर बाजार के खतरे से दूर और बैंक और पोस्ट ऑफिस की सुरक्षा की गारंटी से हटकर नियमित कमाई करना चाहते हैं, तो सरकारी या प्राइवेट कंपनियों के बॉन्ड में भी निवेश करके बैंक या पोस्ट ऑफिस से ज्यादा ब्याज पा सकते हैं।
ऊपरी कमाई के फायदे
ऊपरी कमाई के ढेर सारे फायदे हैं। अगर आपकी मूल कमाई यानी नौकरी या कारोबार में कुछ खतरा आता है, तो इस ऊपरी कमाई से राहत मिल सकती है। वहीं अगर सब कुछ ठीक चल रहा है, तो इस ऊपरी कमाई का दोबारा निवेश करके अपनी ऊपरी कमाई को और बढ़ाया जा सकता है।
क्यों जरूरी है ऊपरी कमाई
किसी भी वित्तीय बाजार के जानकार से बात करेंगे तो पता चलेगा कि वह इमरजेंसी फंड बनाने की बात करता है। लेकिन अगर उसकी सलाह की मूल बात पर ध्यान देंगे तो वह यही कहता है कि अगर दिक्कत आई तो कुछ माह का काम चलाने के लिए आपके पास इमरजेंसी फंड होना चाहिए। ऐसे में अगर आप समझदारी से काम लें ऐसी ऊपरी कमाई शुरू करें, जो हर माह पैसे दे। ऐसे में आपको इमरजेंसी फंड बनाने की जरूरत ही नहीं पड़ेगी।
कैसे शुरू हो सकती है हर माह नियमित ऊपरी कमाई
अगर किसी के पास काफी पैसा है, तो शायद उसे इसकी जरूरत न हो, लेकिन आपकी वित्तीय स्थिति सामान्य है, तो आप नियमित ऊपरी कमाई पर ध्यान दे सकते हैं।
बैंक या पोस्ट ऑफिस से ऊपरी कमाई
ऐसा नहीं है कि ऊपरी कमाई अचानक शुरू हो जाती है। अगर आप बैंक या पोस्ट ऑफिस से नियमित ऊपरी कमाई चाहते हैं, तो दोनों जगहों पर आरडी का इस्तेमाल कर सकते हैं। इस वक्त करीब 6.50 फीसदी ब्याज मिल रहा है। ऐसे में अगर बैंक या पोस्ट ऑफिस में 1000 रुपये महीने की आरडी शुरू की जाए तो 5 साल के बाद करीब 71,000 रुपये मिलेगा। लेकिन यह सही तरीके से ऊपरी कमाई नहीं हुई। अगर सही तरीके से ऊपरी कमाई करना है तो हर साल एक 1000 रुपये महीने की आरडी शुरू करें। ऐसा करने से 5 साल में आप हर माह 5000 रुपये आरडी में जमा कर रहे होंगे, और आपको हर साल करीब 71,000 रुपये मिल रहा होगा।
ऊपरी कमाई मंथली चाहें तो रणनीति बदलें
ऊपरी कमाई अगर सालाना की जगह मंथली यानी हर माह चाहते हैं, तो इसके लिए हर माह 100 रुपये की आरडी बैंक या पोस्ट ऑफिस में शुरू करें। ऐसे में साल के दौरान आप 1200 रुपये जमा कर हरे होंगे। वहीं 5वें साल के दौरान हर माह आप 500 रुपये जमा कर रहे होंगे। वहीं पांचवे साल के बाद यानी 61वें महीने से आपको औसतन हर माह 7100 रुपये की कमाई होने लगेगी।
बैंक और पोस्ट ऑफिस एफडी से हो सकती है ऊपरी कमाई
ऊपरी कमाई बैंक या पोस्ट ऑफिस एफडी से भी हो सकती है। यहां पर आपको एफडी हर माह करनी होगी, और उनकी मैच्योरिटी को भी इसी तरह से तय करना होगा।
पोस्ट ऑफिस मंथली इनकम स्कीम से भी शुरू हो सकती है ऊपरी कमाई
पोस्ट ऑफिस के पास हर माह कमाई के लिए एक स्कीम है। इसका नाम पोस्ट ऑफिस मंथली इनकम स्कीम (POMIS)है। इस वक्त इस स्कीम के तहत 7.4% ब्याज दिया जा रहा है। ऐसे में अगर 1 लाख रुपये इसमें जमा किया जाए तो हर माह 620 रुपये की कमाई हो सकती है। इस स्कीम में अकेले 9 लाख रुपये तक और संयुक्त नाम के साथ अधिकतम 15 लाख रुपये तक जमा कराया जा सकता है।
शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड से ऊपरी कमाई
शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड से भी ऊपरी कमाई हो सकती है। कई कंपनियां अपने निवेशकों को साल में एक बार से ज्यादा बार डिविडेंड देती हैं। इससे ऊपरी कमाई चलती रह सकती है। वहीं कई म्यूचुअल फंड की स्कीम मंथली यानी हर माह डिविडेंड देती हैं। ऐसे में इन कंपनियों में निवेश करके भी आसानी से ऊपरी कमाई को शुरू किया जा सकता है। ऐसी स्कीमें बैलेंस्ड एडवांटेज फंड या एग्रेसिव हाइब्रिड फंड होते हैं। यहां पर काफी अच्छी कमाई हो सकती है।
अगर आप किसी खास विषय पर जानकारी चाहते हैं, तो हमें बता सकते हैं
vinaymishra3105@gmail.com
Disclaimer: ये लेख सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट की सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। upari kamai अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने सेबी रजिस्टर्ड वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।







3 Comments